चरथावल। क्षेत्र में गोवंश की दुर्दशा पर गुस्साए हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने मुख्य मार्ग पर जाम लगाकर विरोध जताया।
बजरंग दल के जिला सह संयोजक पंकज दीप के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने थाने के सामने मुख्य मार्ग पर जाम लगाया। वक्ताओं ने कहा कि शुक्रवार शाम को कस्बे में एक गोवंशीय पशु की हालत नाजुक थी। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी को सूचित किया गया। इसके बावजूद नगर पंचायत के कर्मचारियों ने कोई कदम नहीं उठाया और रात में कुत्तों ने नोंच कर उसकी हालत गंभीर कर दी। पशु चिकित्सा अधिकारी ने भी सूचना के बावजूद घायल पशु के बारे में जानकारी नहीं ली। उधर, जाम लगाने पर थाना प्रभारी राकेश शर्मा ने जाम खुलवाने का प्रयास किया। उन्होंने आला अधिकारियों को सूचना दी। इसके बाद बीडीओ मौके पर पहुंचे और उन्होंने मामले की जांच कराने का भरोसा देकर नाराज लोगों को शांत किया और इसके बाद धरना समाप्त हो गया।
प्रदर्शन करने वालों में विश्व हिंदू परिषद के नगर अध्यक्ष रुपेश त्यागी, शिवम कश्यप, नगर सह संयोजक राहुल त्यागी, नगर मंत्री अमित, डॉ भानु, अंकुर कश्यप, मयंक त्यागी, हिंदू परिषद के जिला मंत्री सोहनवीर, प्रभात कुमार, आर्यन, उत्सव कुमार, आशु कश्यप, रवि शर्मा, रविंद्र त्यागी राहुल त्यागी, नंद किशोर, गौरव कुमार, आकाश तुषार आदि मौजूद रहे। ईओ नीलम पांडे ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा गोवंश को लेकर कोई लापरवाही नहीं की गई हैं।