शहबाजपुर तिगाई में डॉक्टर भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा
- फोटो : अमर उजाला
खतौली (मुजफ्फरनगर)। गांव शहबाजपुर तिगाई में सोमवार की रात को शरारती तत्वों ने गांव का माहौल खराब करने के मकसद से डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। लोगों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। गांव में तनाव के हालात पैदा हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल लोगों को शांत किया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।
शहबाजपुर तिगाई गांव में राजपूतगढ़ का बोर्ड लगाने तथा बोर्ड पर कालिख पोतने तथा दूसरे वर्ग के लोगों द्वारा बिजली के खंभों पर जय भीम लिखने को लेकर विवाद हो गया था। अभी यह मामला शांत भी नहीं हुआ था कि सोमवार रात शरारती तत्वों के ने डा. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा को क्षतिग्रस्त कर दिया। मंगलवार सुबह प्रतिमा को देखकर दूसरे वर्ग के लोगों में आक्रोश फैल गया।
खतौली के गांव शहबाजपुर तिगाई में प्रतिमा खंडित करने लेकर हंगामा करते लोग।
खफा लोगों ने हंगामा खड़ा कर दिया। इस घटना को लेकर गांव में तनाव के हालात पैदा हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लोगों को शांत करने की कोशिश की, लोग पुलिस से आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार करने का आश्वासन देकर बमुश्किल लोगों को शांत किया।
इसके बाद पुलिस ने आनन फानन में क्षतिग्रस्त प्रतिमा को ठीक कराकर उस पर पेंट करवाया। एसडीएम अजय कुमार व सीओ आशीष प्रताप सिंह ने भी गांव में पहुंचकर प्रतिमा का मौका मुआयना कर ग्रामीणों से घटना के बारे में जानकारी ली और कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
भीम आर्मी के पदाधिकारी भी पहुंचे
भीम आर्मी जिलाध्यक्ष उपकार बावरा और टीकम बौद्ध कार्यकर्ताओं को साथ लेकर गांव में पहुंचे। उन्होंने इंस्पेक्टर संतोष कुमार त्यागी से आरोपियों को शीघ्र गिरफ्तार करने की मांग की। इंस्पेक्टर ने आरोपियों को गिरफ्तार करके जेल भेजने का आश्वासन दिया। भीम आर्मी के नेताओं ने पुलिस प्रशासन से जनपद में सभी बाबा साहेब की प्रतिमाओं की सुरक्षा को पुलिस बल तैनात करने की मांग की।
ग्राम प्रधान सुरेंद्र की ओर से प्रतिमा क्षतिग्रस्त करने की अज्ञात लोगों के विरुद्ध तहरीर दी गई है। प्रधान की तहरीर पर अज्ञात में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही प्रतिमा को खंडित करने वालों को जांच पड़ताल करके गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।
-संतोष कुमार त्यागी, इंस्पेक्टर, कोतवाली खतौली।