चरथावल बीआरसी पर बीईओ से मिलकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए शिक्षक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
चरथावल। ब्लॉक के सरकारी शिक्षकों के ग्रुप में अश्लील वीडियो पोस्ट करने का मामला तूल पकड़ रहा है। आरोपी के खिलाफ मामले में कोई कार्रवाई नहीं होने पर शिक्षकों में गुस्सा है। बुधवार को बीआरसी पर शिक्षक संघ के नेताओं ने खंड शिक्षा अधिकारी कमलेश कुमार से मिलकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
दो दिन पूर्व चरथावल विकास खंड के परिषदीय विद्यालयों से जुड़े निपुण भारत मिशन के व्हाट्सअप ग्रुप में एक सदस्य द्वारा अश्लील वीडियो पोस्ट कर दी थी। उसके बाद महिला शिक्षिकाएं ग्रुप से लेफ्ट हो गईं। शिक्षकों द्वारा मामला की गंभीरता को सोमवार को ही अफसरों को अवगत कराया था। इसके बावजूद मामले में कोई कार्रवाई नहीं की गई।
बुधवार को राष्ट्रीय शैक्षिक संघ के अध्यक्ष कमलेश चंद, परिषदीय जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के ब्लॉक अध्यक्ष आदेश शर्मा, प्राइमरी संघ के ब्लॉक अध्यक्ष अमरीश पुंडीर, हरिराज सिंह आदि चरथावल बीआरसी पर बीईओ से मिलकर नाराजगी जताई। आरोपी शिक्षकों के साथ अभद्रता करता है। बीईओ ने शिक्षकों को बताया आरोपी से मामले में स्पष्टीकरण मांगा गया और पूरे मामले की आख्या बीएसए को भेज दी है।