रतनपुरी। क्षेत्र के सठेड़ी में रजबहे की निर्माणाधीन पुलिया पर गन्ने से लदा ओवरलोड ट्रक पलट गया, जिसमें ट्रक चालक नंगला निवासी अब्दुल घायल हो गया। पुलिया पर ट्रक पलटने से एक तरफ का यातायात करीब आठ घंटे तक अवरुद्ध रहा।
सठेड़ी रजबहे की पुलिया का निर्माण कार्य चल रहा है, जिसके लिए पुलिया के दोनों ओर रजबहे में पाइप के ऊपर मिट्टी डालकर वाहन निकलने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था की गई है। बृहस्पतिवार को थाना क्षेत्र के गांव नंगला निवासी ट्रक चालक अब्दुल ट्रक में गन्ना लेकर खतौली शुगर मिल में जा रहा था। जब वह सठेड़ी रजबहे की निर्माणाधीन पुलिया के पास पहुंचा, तो पलट गया। हादसे में ट्रक चालक अब्दुल घायल हो गया। ट्रक पलटने के कारण आठ घंटे तक यातायात बाधित रहा।