खतौली। कुंद कुंद जैन इण्टर कालेज के लाइब्रेरी हाल में आजादी की 75 वी वर्षगांठ के अमृत महोत्सव के पावन अवसर पर विधिक साक्षरता एवं जागरूकता अभियान शिविर का आयोजन किया गया।
मुख्य अतिथि न्यायाधीश अंकित रस्तोगी ने बताया कि समाज का परिवेश बदल रहा है। अधिकारों के साथ हमें कर्तव्य पालन के लिए सजग होना है । प्लास्टिक व पॉलीथिन के प्रयोग से बचकर स्वस्थ जीवन व पर्यावरण का निर्माण करना है । कोरोना महामारी ने समाज में सहयोग की भावना विकसित की है । पाठ्यक्रम के साथ समाज व देश के प्रति जागरूक रहें ।
इस दौरान कालेज में तहसील स्तरीय कत्थक नृत्य प्रतियोगिता का भी आयोजन किया गया। कुंद कुंद जैन इंटर कालेज की बालिकाओं ने नारी स्वावलंबन पर भव्य प्रस्तुति देकर प्रथम स्थान प्राप्त किया। द्वितीय स्थान जनता कन्या इंटर कालिज तथा तृतीय स्थान देवीमंदिर कन्या इंटर कॉलिज की छात्राओं ने प्राप्त किया। कार्यक्रम के जज नम्रता त्यागी, प्रभाकर, मोहित, सानिया रहे।
इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान महावीर व माँ सरस्वती चित्र के सम्मुख ज्ञान के दीप का प्रज्जवलन कर किया गया। समारोह की अध्यक्षता न्यायिक मजिस्ट्रेट अंकित गर्ग ने की। सभी अतिथियों का सम्मान तिलक लगाकर अंग वस्त्र पहनाकर व माल्यार्पण करके किया गया । सीओ राकेश कुमार सिंह विशिष्ट अतिथि रहें । सभी प्रतिभागियों को उपहार व प्रमाण पत्र दिए गए । कार्यक्रम के अंत में प्रबंधक मुकेश जैन तथा प्रधानाचार्य अनुराग जैन ने सभी आगंतुकों का आभार प्रकट किया । संचालन मोनिका शर्मा ने किया। प्रधानाचार्य कविता गुप्ता, संध्या नागर, प्रियंका जैन, पायल, लवी, रजनी जैन, नेहा, एकता, शैली, नीरज शर्मा, मीनाक्षी, इंदू, नूतन, दीपा, सतेंद्रपाल, विकास मोतला, हितेश, अजय जैन, मोनिका शर्मा, सतेंद्र मलिक, दलीप सिंह, चंदन शर्मा, मनोज, गौरव, डी डी शर्मा का सहयोग रहा।