जिले में आए दिन माहौल को खराब करने की कोशिश की जा रही है। आए दिन प्रदेश के किसी न किसी जिले में प्रतिमाओं को खंडित कर पुलिस प्रशासन के लिए शरारती तत्व चुनौती पेश कर रहे हैं। इसी कड़ी में गांव जड़वड़ में शनिवार की रात को शरारती तत्वों ने पंचायत घर में स्थापित बाबा साहब के बोर्ड को तोड़ दिया।
इस घटना को लेकर दलित समाज में रोष फैल गया। दलितों ने हंगामा खड़ा कर दिया। बोर्ड तोड़ने की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची। दलित संगठनों व राजनीतिक दलों के नेताओं ने पुलिस ने बोर्ड तोड़ने वाले शरारती तत्वों को पकड़ने की मांग की। पुलिस ने कार्रवाई का आश्वासन देकर दलितों को बमुश्किल शांत किया।
ककरौली क्षेत्र के गांव जड़वड़ स्थित रविदास पंचायत घर में कई वर्ष पूर्व से संविधान निर्माता बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का बोर्ड स्थापित है। शनिवार की रात को शरारती तत्वों द्वारा बोर्ड को तोड़ दिया गया। रविवार की सुबह टूटे बोर्ड को देखकर दलित समाज के लोगों में रोष व्याप्त हो गया।
दलित लोगों ने बोर्ड तोड़े जाने को लेकर हंगामा खड़ा कर दिया। जानकारी मिलने पर शहीद उधमसिंह सेना के अध्यक्ष विकास मेडियान व उपाध्यक्ष सौरव तेजियान, डीएम सेना के अमित शिवाजी गौतम सहित भीम आर्मी संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी दलितों के साथ मिलकर हंगामा करना शुरू कर दिया।
बोर्ड तोड़ने की सूचना से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। पुलिस मौके पर पहुंची। दलित संगठन के लोगों ने नवंबर माह में शुक्रताल में बाबा साहब की प्रतिमा को खंडित करने वाले तथा जड़वड़ की घटना को लेकर शासन प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण सोच रखने के आरोप लगाते हुए आंदोलन की चेतावनी दी।
नाराज लोगों ने अज्ञात में आरोपियों के विरुद्ध तहरीर देकर शीघ्र आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। हंगामे की सूचना पर सीओ मोहम्मद रिजवान व थाना ककरौली प्रभारी ब्रजेश प्रताप सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
सीओ ने दलितों को समझा बुझाकर उन्हें शांत किया तथा दोबारा बोर्ड को सुरक्षित स्थान पर लगवाकर अज्ञात लोगों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कराकर आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। इस दौरान कर्मवीर प्रधान, मिंटू, हरिदेव, बाबूराम, चमन, ओमप्रकाश, भरतसिंह, ओमवीर, मांगेराम, प्रदीप, बचन सिंह, रोशन, दिलशाद आदि मौजूद रहे। गांव में फिलहाल किसी प्रकार कोई मामला नहीं है। एहतियातन गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।