बुढ़ाना। कस्बे में अपनी माता के साथ दवाई लेने गई नाबालिग के साथ झोलाछाप ने छेड़छाड़ की। पीड़िता की माता ने यह आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने झोलाछाप को गिरफ्तार कर लिया। एक महिला अपनी नाबालिग बेटी को साथ लेकर उसे दवाई दिलवाने के लिए रविवार को कस्बे में एक झोलाछाप के पास गई थी। झोलाछाप ने दवाई का पर्चा नाबालिग की माता को देकर मेडिकल स्टोर से दवाई लाने को कहा। आरोप है कि महिला दवाई लेने के लिए मेडिकल स्टोर पर गई तो झोलाछाप ने नाबालिग पीड़िता के साथ छेड़खानी की। माता के वापस आने पर वह रोने लगी। बेटी ने झोलाछाप की हरकत अपनी मां को बताई। घटना की सूचना मिलते ही मोहल्ले के लोग एकत्र हो गए। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने आरोपी झोलाछाप को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी झोलाछाप गुलरेज के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। आरोपी का चालान किया जाएगा।