खतौली तहसील में आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपा।
- फोटो : KHATAULI
आधार कार्ड बनाने के नाम पर अवैध वसूली का आरोप
खतौली। आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने केंद्रों पर सुविधा शुल्क लेकर आधार कार्ड बनाए जाने का आरोप लगाया है। कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर पर्यवेक्षण अधिकारी नियुक्त करने की मांग की है।
आप के विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप तोमर के नेतृत्व में एसडीएम इंद्राकांत द्विवेदी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि कस्बे में बीएसएनएल कार्यालय समेत डाकघर में आधार कार्ड बनाए जाने का काम चल रहा है। इन पर कई दलाल सक्रिय हैं। जो त्रुटि सही कराने के नाम पर तथा नया आधार कार्ड बनवाने के नाम पर तीन सौ से पांच सौ रुपये तक अवैध वसूली कर रहे हैं। आरोप है कि दलालों द्वारा लिया गया पैसा आधार केंद्र के स्टाफ तथा प्रभारी को दे रहे हैं। आरोप है कि एक विभाग के कार्यालय में अवैध वसूली के बंदरबांट को लेकर स्टाफ में कहासुनी भी हुई थी। इसी कारण यहां पर मशीन कई दिन से बंद पड़ी है। सोशल डिस्टेंसिंग व मास्क आदि की व्यवस्था नहीं है। आम आदमी पार्टी ने आधार कार्ड केंद्रों पर हो रही अवैध वसूली की जांच करने तथा दोनों केंद्र पर एक-एक पर्यवेक्षणीय अधिकारी नियुक्त किए जाने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में मुन्ना, विनोद कुमार, उदयवीर सिंह, चतर पाल सिंह, सोनू, मनोज कुमार, धर्मेंद्र आदि शामिल रहे।