पूरी तरह बंद रहे सभी बाजार और दुकानें
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के दूसरे दिन रविवार को पुलिस की सख्ती से शहर क्षेत्र के सभी बाजार व दुकानें पूरी तरह से बंद रहे, जहां सन्नाटा पसरा रहा। सुबह के समय भगत सिंह रोड स्थित सब्जी मार्केट में खुली दुकानों के साथ ही फल विक्रेताओं को भी पुलिस ने डंडे फटकारकर भगा दिया। वहीं, दिनभर सड़कों पर राहगीरों व वाहनों की आवाजाही बरकरार रही, जिस पर कोई रोकटोक नहीं थी।
कोरोना कर्फ्यू के दूसरे दिन रविवार को भी शहर क्षेत्र के सभी प्रमुख बाजार व सभी दुकानें पूरी तरह से बंद रहीं। शहर के भगत सिंह रोड स्थित सब्जी मार्केट में कुछ दुकानें सुबह खुल गईं, जिन्हें मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों ने डंडे फटकारते हुए भगाते हुए दुकानें बंद करा दीं। भगत सिंह रोड पर फल की दुकानों को भी पुलिस ने दुकानदारों को चालान काटने की चेतावनी देकर भगा दिया, जिसके बाद पूरे रोड व मार्केट में सन्नाटा पसर गया। वहीं, ईदगाह व नदी रोड स्थित थोक सब्जी मार्केट सुबह खुली रही। उधर, शहर की सड़कों पर दिनभर आवाजाही बरकरार रही। राहगीर व वाहनों के साथ ही ई-रिक्शाएं भी शहर के प्रमुख मार्गों पर दौड़ती रहीं, जिनके संचालन पर किसी तरह की रोक-टोक नहीं रही। इसके साथ ही जरूरी फूड सप्लाई और सब्जी सप्लाई के वाहनों के साथ भी शहर में किसी तरह की रोकटोक नहीं की गई।
सूने पड़े रहे रोडवेज बस स्टैंड व रेलवे स्टेशन
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के चलते शहर स्थित रोडवेज बस स्टैंड के साथ ही रेलवे स्टेशन भी पूरी तरह सुनसान रहा। रोडवेज स्टेंड पर बसें तो मौजूद रहीं, लेकिन मुसाफिरों की संख्या काफी सीमित रही। इसके चलते अधिकांश बसें काफी कम संख्या में मुसाफिरों को लेकर रवाना हुईं। यात्री कम होने के कारण डिपो के बेडे़ में से केवल तीस बसों का ही संचालन हो सका।
खुले रहे मेडिकल स्टोर व क्लीनिक
मुजफ्फरनगर। कोरोना कर्फ्यू के दौरान केवल मेडिकल स्टोर, क्लीनिक व नर्सिंग होम ही खुले रहे। जरूरी होने के कारण कोर्ट रोड स्थित दवाओं की थोक मार्केट जिला परिषद भी खुली रही। सिटी मजिस्ट्रेट अभिषेक सिंह के दिशा-निर्देशों के अनुरूप कोरोना कर्फ्यू में जिला परिषद मार्केट खुली रहेगी, लेकिन यहां मंगलवार का साप्ताहिक अवकाश पूरी तरह लागू होगा, जिसके चलते मंगलवार को मार्केट नहीं खुलेगी।