शातिर अपराधी रहे मृतक यशपाल राठी के बेटे अक्षय से पूछताछ करती सिविल लाइन थाना पुलिस
थाना मंसूरपुर के हिस्ट्रीशीटर अपराधी रहे यशपाल राठी का बेटा है अक्षय
शनिवार की रात साथियों के साथ सरकुलर रोड पर की थी हर्ष फायरिंग
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में जन्मदिन की पार्टी के बाद हर्ष फायरिंग करने पर हिस्ट्रीशीटर रहे यशपाल राठी का बेटा अक्षय राठी लाइसेंसी पिस्टल सहित गिरफ्तार कर लिया गया। हर्ष फायरिंग का वीडियो वायरल हुआ था। मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
थाना मंसूरपुर के गांव सोंटा निवासी यशपाल राठी शातिर सुशील मूंछ का साथी और थाना मंसूरपुर का हिस्ट्रीशीटर अपराधी था। यशपाल राठी के बेटे अक्षय राठी ने थाना सिविल लाइन क्षेत्र की सरकुलर रोड पर प्रापर्टी डिलिंग का कार्यालय बनाया हुआ हैं। रविवार को उसका जन्म दिन था। इससे पहले शनिवार रात उसने आधा दर्जन साथियों के लिए सरकुलर रोड स्थित कार्यालय पर दावत का कार्यक्रम रखा था। दावत के बाद सड़क पर हुड़दंग करते हुए अपने लाइसेंसी पिस्टल से हर्ष फायरिंग की थी। किसी ने हर्ष फायरिंग करते हुए उसका वीडियो बनाकर रात में ही वायरल कर दिया था।
थाना सिविल लाइन की गेटवे पुलिस चौकी प्रभारी प्रवेश शर्मा ने आरोपी अक्षय और उसके एक साथी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने हर्ष फायरिंग में प्रयुक्त पिस्टल के अलावा चार खोखा, कई कारतूस बरामद किए गए है। सिविल लाइन थाना प्रभारी अजय श्रोत्रिय ने बताया कि हर्ष फायरिंग में अक्षय और एक साथी को पकड़ा गया था। कोई गलती नहीं मिलने पर उसके साथी को अधिकारियों के आदेश पर छोड़ दिया गया जबकि आरोपी अक्षय का चालान कर दिया हैं। पिस्टल पहले यशपाल राठी के नाम थी, जो उसकी मौत के बाद उसके बेटे ने अपने नाम करा ली थी। पिस्टल के लाइसेंस को निरस्त कराने के लिए रिपोर्ट भेजी जाएगी।