मुलायम सिंह यादव व अखिलेश यादव
- फोटो : amar ujala
चुनाव चिन्ह साइकिल अखिलेश यादव को मिलने से समर्थकों में खुशी छा गई है। शहर प्रत्याशी गौरव स्वरूप के कार्यकर्ताओं में अलग ही उत्साह नजर आया। खतौली से सपा प्रत्याशी चंदन चौहान, चरथावल से मुकेश चौधरी ने इसे युवाओं की जीत बताया है। वहीं, शिवपाल समर्थकों में साइकिल निशान नहीं मिलने से निराशा है। सपा की फाइनल सूची को लेकर संशय बना हुआ है।
जिले में अखिलेश समर्थकों में साइकिल निशान मिलने की खुशी है। अखिलेश यादव को ही पार्टी का अध्यक्ष मानने से कार्यकर्ताओं में अलग ही उत्साह है। चाचा-भतीजे के विवाद के बाद से जिले में भी सपा दो खेमों में बंट गई है। साइकिल निशान अखिलेश गुट को मिलने पर मुस्लिम बस्तियों में अखिलेश जिंदाबाद के भी नारे लगे। शहर से सपा प्रत्याशी गौरव स्वरूप ने भी अखिलेश यादव को साइकिल मिलने पर हर्ष जताया है। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की अखिलेश यादव में पूर्ण आस्था है।
खतौली से सपा प्रत्याशी चंदन चौहान ने चुनाव आयोग के फैसले को युवाओं की जीत बताया है। चौहान ने कहा कि अखिलेश यादव ही प्रदेश में ताकत के रूप में उभरेंगे। चरथावल से सपा प्रत्याशी मुकेश चौधरी और उनके समर्थकों ने भी अखिलेश यादव को साइकिल और पार्टी अध्यक्ष माने जाने पर खुशी जताई। मुकेश ने कहा कि अखिलेश के नेतृत्व में फिर से प्रदेश में सरकार बनेगी। साइकिल चिन्ह अखिलेश पर जाने के बाद से शिवपाल खेमे में निराशा देखी जा रही है। अखिलेश की सूची के कुछ उम्मीदवारों में फेरबदल संभव है। शिवपाल गुट की सूची भी दोबारा से तैयार हो रही है। जल्द ही इन नामों की घोषणा हो जाएगी।