मुजफ्फरनगर। एनसीआर में ग्रेप-4 लागू होने बाद प्रशासन हरकत में आया। मंगलवार को क्षेत्रीय प्रदूषण नियंत्रण विभाग की अलग-अलग टीमों ने ग्रेप-4 के मानकों के विरुद्ध संचालित पांच हाॅट मिक्स सहित एक प्लास्टिक पायरोलिसिस प्लांट सील कर दिया।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने चार टीमें गठित की थी। जेई संध्या शर्मा के निर्देशन में कई स्थानों पर उद्योगों में छापेमारी की। जौली रोड पर सिखरेडा गांव के पास त्यागी कंस्ट्रक्शन हॉट मिक्स प्लांट का संचालन होता पाया गया। जबकि वायु प्रदूषण के कारण निर्माण कार्य पर पाबंदी है। हॉट मिक्स प्लांट बंद कराया गया और मशीनों को सील कर दिया। देवबंद रोड पर मलीरा गांव से आगे स्थित शिव शक्ति हॉट मिक्स प्लांट और वहीं पर स्थित एकेवी कन्स्ट्रक्शन पर भी छापा मारा गया। यहां पर हॉट मिक्स प्लांट बंद पाया गया, लेकिन भविष्य में इसके संचालन की संभावना को क्षीण करने के लिए दोनों प्लांट की सीलिंग की कार्यवाही की गई। हाॅटमिक्स प्लांट त्यागी कंस्ट्रक्शन सिखरेड़ा, रघुवंशी कंस्ट्रक्शन सीमली, ओमशिव कंस्ट्रक्शन मुस्तफाबाद पचैडा पर छापेमारी करते हुए इन्हें भी सील कर दिया गया। इसके अलावा कुछ अन्य उद्योगों टायर फैक्टरी, कोल्हू आदि को भी निरीक्षण किया गया। टायर फैक्टरी बंद मिली तो कोल्हू संचालकों को भी नियमों का पालन करने के लिए निर्देशित किया गया और पन्नी कचरा नहीं जलाने तथा खुले में कूड़ा या लकड़ी नहीं जलाने के लिए कहा गया है।
जेई राधा गुप्ता के नेतृत्व में छापामार कार्यवाही करते हुए उद्योगों का निरीक्षण किया। उनके साथ रवि प्रकाश सिंह जेआरएफ और अन्य कर्मचारी रहे। जेई राधा गुप्ता ने बताया कि चांदपुर मखियाली के पास स्थित प्लास्टिक पायरोलिसिस प्लांट संचालित पाये जाने पर टीम ने तत्काल ही प्लांट को बंद कराते हुए उसको सील किया गया। क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि डीएम के निर्देश पर एनसीआर में ग्रेप स्टेज-4 के नियमों का पालन कराने को विभागीय स्तर पर लगातार कार्य किया जा रहा है।