ग्राउंड को विकसित करने का एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग साइन किया
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फ़रनगर। जिले में क्रिकेट की गतिविधियों का नया ठिकाना अब खतौली बाईपास होगा। मुजफ्फरनगर क्रिकेट एसोसिएशन ने खतौली बाईपास स्थित अहलावत गेम सिटी क्रिकेट ग्राउंड को विकसित करने का एक मेमोरेंडम ऑफ अंडरस्टैंडिंग साइन किया है। एसोसिएशन की की ओर से मनोज पुंडीर और अहलावत गेम सिटी की और से वेदपाल सिंह शामिल रहे।
अभी तक एसोसिएशन की सभी गतिविधियां चौधरी चरण सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में होती आ रही थी। एमसीए का कहना है कि स्टेडियम में नियमित रखरखाव के अभाव के चलते और सेना भरती के कारण मैदान अब गड्ढों में तब्दील हो गया है। इस कारण एसोसिएशन के पदाधिकारी बहुत समय से किसी ग्राउंड की तलाश में थे।
निदेशक मनोज पुंडीर ने बताया कि इस ग्राउंड पर टर्फ पिच का निर्माण लगभग 20 दिन पहले शुरु कर दिया गया। फिलहाल पांच पिच का निर्माण बीसीसीआई के मानकों के अनुसार तीन टियर लेयर तकनीक के अनुसार किया जा रहा है। पूरे पिच प्लेटफॉर्म को 100 फीट लंबा और 62 फीट चौड़ा बनाया जा रहा है। पिच पर कोरसैंड, पीली मिट्टी और ऊपरी सतह पर अलवर से विशेष रूप से मंगाई गई काली मिट्टी का उपयोग किया जा रहा है।
पानी के बचाव के लिए भी इंतजाम
प्लेटफॉर्म की ऊंचाई बाहरी सीमा रेखा से लगभग 12 इंच ऊपर होगी, जिससे पानी का भराव पिच तक न पहुंच पाए। इसके अतिरिक्त मैदान पर पानी न रुके इसके भी पर्याप्त इंतजाम किए जाएंगे। इन पिच के निर्माण के बाद जनपद के क्रिकेटर को अंतरराष्ट्रीय स्तर की टर्फ पिच पर खेलने का अनुभव प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। बीसीसीआई के पिच क्यूरेटर रविन्द्र चौहान की देखरेख में कार्य किया जा रहा है। ग्राउंड समिति के ओमदेव सिंह के अनुसार बड़े मैचों के आयोजन लायक पिच बनाई जा रही है।