मुजफ्फरनगर :::::::: गांव हड़ौली निवासी मृतक कवंरपाल की फाइल फोटो।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
पुलिस ने मृतक के दो बेटों को किया गिरफ्तार, चाचा को फंसाने के लिए की वारदात
हड़ौली निवासी कंवरपाल की हत्या का डेढ़ माह बाद पुलिस ने किया सनसनीखेज खुलासा
संवाद न्यूज एजेंसी
भौराकलां (मुजफ्फरनगर)। दो बेटों ने पिता की हत्या कर शव छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर खेत में दबा दिया और ऊपर से बाजरे की फसल बो दी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर इस सनसनीखेज वारदात का खुलासा किया है। चाचा को फंसाने के लिए यह पूरी साजिश रची गई थी। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर खेत में दबा शव बरामद कर लिया है।
करीब डेढ़ माह पहले 28 जून को हड़ौली गांव निवासी किसान कंवरपाल सिंह (70) संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गया था। बेटों ने पारिवारिक चाचा पर शक जताते हुए भौराकलां थाने में सूचना दी। पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस को किसान बेटों पर ही संदेह था। पुलिस ने बृहस्पतिवार रात किसान के बेटे उपेंद्र और विक्की उर्फ विकास से पूछताछ की। पुलिस की सख्ती के बाद दोनों टूट गए। सीओ बुढ़ाना शरद चंद्र जोशी ने बताया कि दोनों की निशानदेही पर जेसीबी से गड्ढ़ा खुदवाकर शव बरामद कर लिया गया है। दोनों आरोपियों का चालान कर दिया गया। पारिवारिक चाचा को झूठे मुकदमे में फंसाने के लिए दोनों ही साजिश रची थी।
यह बताई वजह और ऐसे की हत्या
पुलिस के अनुसार कंवरपाल और उसके पारिवारिक भाई योगेंद्र के बीच किसी बात पर विवाद चला आ रहा था। चाचा के खिलाफ कार्रवाई न होने से कंवरपाल के बेटे विक्की व उपेंद्र बडे़ परेशान थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों ने योजना बनाकर अपने पिता की हत्या कर डाली। 28 जून को हत्या की और उसी रात में गांव से दूर अपने खेतों में फावड़ों से गहरा गड्ढा खोदा। इसके बाद शव मोटी दरी में लपेट कर बोरी में बंद कर गड्ढे में दबा दिया। यह काम उस दिन अलसुबह तक किया। इसके बाद दोनों भाई चुपचाप घर आ गए।