कुरथल गांव में आशीष की हत्या की जांच करती पुलिस की टीम।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
किशोर की हत्या कर शव ट्यूबवेल की हौज में फेंका
बुढ़ाना। कुरथल गांव में अपनी माता के साथ मारपीट करके खेत की ओर गए किशोर का शव ट्यूबवेल की हौज में पड़ा मिला। युवक के सिर में चोट के निशान हैं। घटना की रिपोर्ट मृतक की माता ने अज्ञात में कोतवाली में दर्ज करवाई है।
कोतवाली क्षेत्र के गांव कुरथल का रहने वाला आशीष (17) उर्फ काला पुत्र मामचंद का रविवार को शाम के समय अपनी माता मुनेश देवी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। मुनेश देवी का कहना है कि बेटा उसके साथ मारपीट करने के बाद घर से चला गया था। सोमवार सुबह उनके खेत में ट्यूबवेल की हौज में आशीष का शव मिला। घटना की सूचना पर एसपी देहात अतुल कुमार श्रीवास्तव, सीओ विनय गौतम, इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जिला मुख्यालय से डॉग स्क्वाड व फोरेंसिक जांच टीम भी मौके पर पहुंची। घटना की रिपोर्ट मृतक की माता ने अज्ञात में कोतवाली में दर्ज करवाई है। इंस्पेक्टर रवेंद्र सिंह यादव ने बताया कि हत्या का कारण स्पष्ट नहीं है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हत्या के कारणों का पता चलेगा। ग्रामीणों ने बताया कि आशीष के पिता मामचंद ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या की थी।