दस साल की बच्ची की हत्या कर शव नहर में फेंका
देवबंद (सहारनपुर)। देवबंद के एक मोहल्ले से एक युवक दस साल की बालिका को उठाकर ले गया और उसकी हत्या कर शव साखन नहर में फेंक दिया। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया और शव को बरामद कर लिया।
बालिका सोमवार रात मोहल्ले में ही अपनी बुआ के यहां गई थी। रात करीब 10.30 बजे वह अपने घर के लिए निकल गई लेकिन वहां पहुंची नहीं। परिजनों ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे खंगाले तो बच्ची एक साइकिल के पीछे दौड़ती दिखाई दी। परिजनों ने साइकिल सवार को पहचान लिया। पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ करने पर उसने बताया कि वह बच्ची को साइकिल पर बैठाकर ले गया था। हत्या कर शव साखन नहर में फेंक दिया। पुलिस ने मंगलवार को शव बरामद कर लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ रजनीश कुमार उपाध्याय ने बताया कि आरोपी का नाम तनवीर है और वह देवबंद का रहने वाला है। हत्या क्यों की गई, रिपोर्ट दर्ज कर इसकी जांच की जा रही है।