जानसठ कचहरी में अधिवक्ताओं के टीनशेड डालने का विरोध, पुलिस ने रुकवाया काम
- नायब तहसीलदार बोले-एसडीएम से वार्ता करा के समाधान कराएंगे
(फोटो समाचार)
जानसठ। तहसील परिसर में कुछ अधिवक्ताओं के बैठने के लिए टिनशेड डालने का लेखपालों और तहसील कर्मचारियों ने विरोध किया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काम रुकवा दिया।
पानीपत-खटीमा हाईवे निर्माण को लेकर चौड़ीकरण में कई अधिवक्ताओं के चेंबर ध्वस्त हो गए थे। जिन अधिवक्ताओं के चेंबर टूट गए थे, वह काफी दिनों से चेंबर के लिए जगह नहीं मिलने से परेशान हैं। इधर-उधर बैठकर ही अधिवक्ता विधिक कार्य कर रहे थे। अधिवक्ताओं की समस्या को देखते हुए बार एसोसिएशन अध्यक्ष शशि सैनी ने सड़क की ओर खाली पड़ी जगह में आठ अधिवक्ताओं को बैठने की अनुमति दे दी थी। मंगलवार को अधिवक्ता टिनशेड डालने लगे। इस दौरान तहसील से लेखपाल संघ के अध्यक्ष चंद्रपाल शर्मा और तहसील के अन्य कर्मचारी पुलिस बल को लेकर वहां पहुंचे।
लेखपालों का कहना था कि अधिवक्ता उनकी सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा कर टिनशेड डाल रहे हैं, जबकि अधिवक्ताओं का कहना था कि यह जगह बार एसोसिएशन की है, इस पर केवल अधिवक्ता की बैठेंगे। जिसको लेकर विवाद हो गया। मौके पर मौजूद कोतवाली प्रभारी जनक सिंह चौहान ने अधिवक्ताओं को टिनशेड डालने से फिलहाल रोक दिया। इसकी जानकारी मिलते ही नायब तहसीलदार विपिन कुमार मौके पर पहुंचे। उन्होंने मौके पर मौजूद बार एसोसिएशन अध्यक्ष शशि सैनी से बातचीत की। नायब तहसीलदार का कहना था कि किसी तरह का कोई आपस में विवाद नहीं होना चाहिए। एसडीएम और तहसीलदार से अधिवक्ताओं से वार्ता कराने के बाद समस्या का समाधान कराया जाएगा।