-पंजीकरण के लिए छात्रों को एक महीने से अधिक का समय मिलेगा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। परीक्षा परिणाम आने के बाद महाविद्यालयों में नए सत्र के रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया शुरू हो गई है। प्रवेश की पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन होगी। इस बार स्नात्तक में प्रवेश के लिए समर्थ पोर्टल के माध्यम से आवेदन किए जाएंगे। पंजीकरण के लिए छात्रों को एक महीने से अधिक का समय मिलेगा।
यूपी, सीबीएसई और आईसीएसई बोर्ड का का परीक्षा परिणाम जारी हो चुका है। शहर में चार मुख्य एडेड महाविद्यालय हैं। इनमें सरकारी सीटों की संख्या 3025 है। हालांकि अभ्यर्थियों की संख्या के सापेक्ष सीट कम ही रहेगी और प्रवेश को लेकर विद्यार्थियों की मुश्किलें भी बढ़ेंगी। मेरिट के आधार पर ही प्रवेश के लिए चयन होगा।
-सीटों की है सीमित संख्या
चौधरी छोटूराम महाविद्यालय में बीएससी कृषि विज्ञान उपलब्ध है। बीएससी एग्रीकल्चर में 240 सीट हैं। बीएससी बायो में 80, बीएससी गणित में 80 सीट हैं। बीकॉम यहां पर वित्त पोषित श्रेणी में है। एसडी डिग्री कॉलेज में बीए में 640, बीकॉम में 399, बीएससी गणित में 240, बीएसी बायो में 80, बीएससी होम साइंस में 80 सीट हैं। डीएवी डिग्री कॉलेज में बीए में 243, बीएससी बायो में 180, बीएससी मैथ में 243 सीट हैं।
छात्राओं का जैन कन्या डिग्री कॉलेज ही है। इसमें सरकारी कोर्स केवल बीए है। इसमें 520 सीट हैं। इसके अलावा कॉलेज में बीकॉम, बीएससी आदि वित्त पोषित हैं।
-स्वयं भरें अपना पंजीकरण फार्म
डीएवी महाविद्यालय की प्राचार्या डॉक्टर गरिमा जैन ने बताया कि प्रवेश के लिए पंजीकरण फोन के माध्यम से आसानी से कराया जा सकता है। इसके लिए समर्थ पोर्टल पर जाकर दिए गए विकल्पों को भरना है। फार्म को भरने के लिए स्वयं की मेल आईडी और फोन नंबर का ही इस्तेमाल करें। दिए गए नंबर और मेल पर प्रवेश से संबधित सभी जानकारियां उपलब्ध होंगी।