देवबंद में इंदरपुर रोड पर बनी अवैध कालोनी को ध्वस्त करता बुलडोजर
- फोटो : DEVBAND
देवबंद। बिना नक्शा पास कराए काटी गईं अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन ने कार्रवाई की। सोमवार को अधिकारियों ने देवबंद देहात के मजरा इंदरपुर में करीब 4000 मीटर में काटी गई अवैध कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। इस कॉलोनी में अभी तक केवल प्लाटिंग ही हो पाई थी।
एसडीएम दीपक कुमार के निर्देशन में प्राधिकरण के जेई एमके सिंह नगरपालिका और पुलिस टीम को साथ लेकर इंदरपुर में पहुंचे। जहां टीम ने अवैध रूप से काटी गई कॉलोनी को बुलडोजर से ध्वस्त करा दिया। बता दें कि प्रशासन अब तक तीन अवैध कॉलोनियों को ध्वस्त करा चुका है। इनमें पहले हाशिमपुरा रोड स्थित चांद कॉलोनी उसके बाद मकबरा रोड पर काटी गई कॉलोनी पर प्रशासन का बुलडोजर चला। एसडीएम ने बताया कि अवैध रूप से काटी गई कॉलोनियों को चिह्नित किया जा रहा है। उनका कहना है कि पूर्व में इन कॉलोनियों को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। जिन कॉलोनियों में एक-दो मकान बने हैं उनके स्वामियों को भी नोटिस भेजे गए हैं। शासन का सख्त आदेश है, जहां पर बिना नक्शा पास कराए अवैध कॉलोनी काटकर सरकार के राजस्व को नुकसान पहुंचाया गया उन सबको ध्वस्त कर दिया जाए। उन्होंने बताया कि अवैध कब्जे छुड़ाने के लिए अभियान चल रहा है।