खालापार में अतिक्रमण हटाती जेसीबी मशीन।
- फोटो : अमर उजाला
अतिक्रमण हटाओ अभियान में जिला प्रशासन ने शामली रोड पर ईदगाह के सामने लगने वाली अवैध सब्जी मंडी हटा दी। साथ ही चेतावनी भी दे दी कि अब सब्जी का क्रय-विक्रय केवल कूकड़ा मंडी से ही होगा। इसी के साथ अभियान शहर के अन्य मार्गों पर भी चलाया गया।
अतिक्रमण हटाओ अभियान में इस बार जिला प्रशासन पूरी तरह मूड में है। ईदगाह रोड पर वर्षों से अवैध रूप से चल रही सब्जी मंडी को अब तक कोई भी डीएम नहीं हटा पाया था। इससे पहले चले अतिक्रमण हटाओ अभियान में तत्कालीन डीएम सुरेंद्र सिंह भी अवैध मंडी को हटाने में सफल नहीं हो पाए थे।
इसी मंडी को अभियान के दौरान सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने हटवा दिया। अतिक्रमण हटाओ अभियान की टीम खालापार के फक्करशाह चौक से प्रारंभ होकर कादिर राना की कोठी से होते हुए प्रेमपुरी और शामली बस स्टैंड तक पहुंची। फक्करशाह चौक से प्रेमपुरी तक भी अभियान चला। इस बीच कहीं भी किसी ने कोई विरोध नहीं किया।
सिटी मजिस्ट्रेट वैभव मिश्रा ने बताया कि किसान अपनी सब्जी कूकड़ा मंडी की आढ़त पर ही भेजे। अपनी सब्जी का क्रय-विक्रय केवल कूकड़ा मंडी के माध्यम से ही होगा। शहर में अवैध सब्जी मंडी नहीं चलेगी।
उन्होंने कहा कि ईदगाह के सामने आढ़त लगने से सुबह के समय यहां रास्ता जाम हो जाता है और लोगों को अतिक्रमण के कारण परेशानी उठानी पड़ती है। दूसरे सरकार के राजस्व की चोरी हो रही है। आढ़तियों को भी साफ शब्दों में समझा दिया गया है। अभियान में सिटी मजिस्ट्रेट के साथ नगर पालिका की टीम और पुलिस बल रहा।