हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर हंगामा भी किया
संवाद न्यूज एजेंसी
छपार (मुजफ्फरनगर)। गांव खामपुर के जंगल में गोकशी का मामला सामने आया है। आरोपी गाय का मांस लेकर फरार हो गए जबकि अवशेष वहीं पर छोड़ दिए। पुलिस ने अवशेष को दबवा दिया। हिंदूवादी संगठन के कार्यकर्ताओं ने पहुंच कर हंगामा भी किया। अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया हैं।
बुधवार की रात हिंदू संगठन के कार्यकर्ता राहुल ने पुलिस को सूचना दी कि खामपुर में नई आबादी के पीछे जंगल में कुछ लोग गोकशी कर रहे हैं। पुलिस ने रात्रि में ही छापा मारा। मगर, आरोपी पुलिस को देखकर फरार हो गए। पुलिस ने मौके से कटे हुए अवशेष और उपकरण कब्जे में ले लिए जबकि मांस को लेकर आरोपी फरार हो गए। आरोपियों की तलाश में जंगल में कांबिंग भी की गई, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाया गया। उन्होंने मांस के गाय के होने की पुष्टि की। घटना के विरोध में हिंदूवादी कार्यकर्ताओं ने हंगामा भी किया।
प्रभारी निरीक्षक मुकेश चौधरी ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी हैं। उधर, बुधवार सुबह सीओ यतेंद्र नागर ने भी घटना स्थल पर पहुंच कर मामले की जानकारी ली। पुलिस को आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर जेल भेजने के आदेश दिए।