गाजियाबाद के लोनी क्षेत्र का रहने वाला है आरोपी
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। डेबिट कार्ड बदलकर खाते से हजारों रुपये निकालने के आरोपी गाजियाबाद निवासी युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उससे 19 हजार 500 रुपये बरामद किया है। पुलिस ने आरोपी का चालान कर दिया।
थाना सिविल लाइन प्रभारी अजय श्रोत्रीय ने बताया कि दस जनवरी को केशवपुरी निवासी वीकेंद्र पाल सिंह नानूपुरी काॅलोनी के मोड़ पर सेंट्रल बैंक के एटीएम से नकदी निकालने के लिए गए थे। काफी प्रयासों के बाद एटीएम मशीन से भुगतान नहीं मिल पाया। इसी दौरान वहां खड़े युवक ने मदद करने के बहाने उनका डेबिट कार्ड बदल लिया था और कुछ देर बाद ही उनके खाते से 48 हजार रुपये निकाल लिए। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था।
पुलिस ने रविवार को कंपनी बाग के पास से आरोपी गाजियाबाद के लोनी नगर की नई बस्ती जमालपुरा अशोक नगर निवासी जाहिद को पकड़ लिया। उसके पास से 19500 रुपये बरामद हुए। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी ससुराल खतौली में हैं। उसका यहां आना जाना लगा रहता हैं। घटना वाले दिन भी वह पहले खतौली और बाद में मुजफ्फरनगर आया था। उसने एटीएम बदल कर एक व्यक्ति के खाते से रुपये निकाले थे। आरोपी का चालान कर दिया है।