मुजफ्फरनगर। ऑटो मोबाइल कंपनी कर्मचारी धर्मेंद्र हत्याकांड में परिजनों ने लूट के मकसद से हत्या करने का आरोप लगाते हुए हत्यारोपी की पत्नी, साले व रेहड़ा चालक को गिरफ्तार करने की मांग की।
शुक्रवार को नई मंडी के अलमासपुर गुलशन विहार निवासी अभिनव चौधरी परिजनों के साथ एसएसपी से मिले। उन्होंने बताया कि उनका चचेरा भाई धर्मेंद्र ऑटो मोबाइल कंपनी में कैशियर था। वह कंपनी का पैसा जमा करने के लिए छह जुलाई को चला था और लापता हो गया था। ऑटो मोबाइल कंपनी में पूर्व में काम करने वाले उसके दोस्त वसुंधरा कालोनी निवासी रोहित अरोरा ने उसे घर बुला कर उसकी हत्या कर दी थी। उसका पैसा लूट लिया था। उन्होंने कहा कि उसका भाई कंपनी के पैसे के अलावा अपने पैसे भी लेकर गया था। मौके से भी काफी पैसा बरामद हुआ था।
परिजनों ने कहा कि शव मिलने पर आरोपी रोहित को गिरफ्तार कर लिया था। उन्होंने रोहित, उसकी पत्नी व साले को मुकदमे में नामजद कराया था। आरोप है कि पुलिस ने पत्नी व साले को थाने से छोड़ दिया। इन दोनों को भी घटना के बारे में जानकारी है। तीनों ने शव को खुर्द बुर्द करने के लिए रेहड़ा चालक को शामिल किया । रेहडा चालक भी अभी तक पकड़ा नहीं जा सका है। उन्होंने पुलिस की कार्यप्रणाली काे संदिग्ध बताया।
अभिनव चौधरी ने एसएसपी को सौंपे प्रार्थना पत्र में कहा कि मुकदमे में लूट की धारा बढ़ाई जाए। आरोपी की पत्नी व साले तथा रेहड़ा चालक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जाए। एसएसपी अभिषेक सिंह ने बताया कि जांच कराकर साक्ष्य के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमें पुलिस मौके से बरामद बैग से रुपयों की गड्डी निकाल रही है। यह रुपये मौके से बरामद रुपये से ज्यादा दिखाई दे रहे हैं।