मुजफ्फरनगर/खतौली। हादसे जिंदगी पर भारी पड़ रहे हैं। वाहन चलाते समय मामूली चूक से लोग जिंदगी गंवा रहे हैं। वर्ष 2022 व 2023 के जनवरी माह से 31 मार्च तक हादसों की संख्या देखें तो 2023 में अधिक लोगों की मौत हुई, लेकिन वाहन चालक हादसों से सबक नहीं ले रहें।
इस वर्ष 31 मार्च तक 67 लोगों ने हादसों में अपनी जिंदगी गंवाई। जबकि जिले में अप्रैल माह में भी कई बड़े हादसे हो चुके हैं। बढ़ रहे हादसों से परिवहन व पुलिस विभाग द्वारा चलाए गए जागरूकता अभियान का कोई फायदा दिखाई नहीं दे रहा हैं।
खतौली में गंगनहर पटरी पर पाल गांव के एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत से हर कोई गमजदा है। अनियंत्रित कार ने परिवार की खुशियां हमेशा के लिए छीन ली।
1 जनवरी से 31 मार्च तक हादसों की संख्या-
साल हादसे मृतक घायल
2022 99 62 90
2023 104 71 95
इनसेट
इस तरह चली गई जान
तीन जनवरी- नई मंडी के गांव बागोवाली कट के पास बाइक सवार की अज्ञात कार की टक्कर से मौत।
20 जनवरी- मीरापुर में बाईपास पर बाइक में ट्रक ने मारी टक्कर, बाइक चालक की मौत।
28 जनवरी- ककरौली में दो बाइक आपस में टकराई। एक बाइक चालक की मौत।
17 मार्च- नई मंडी के शेरनगर के पास बाइक में अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, बाइक चालक की मौत।
-
इस तरह हुए बड़े हादसे
- 21 जनवरी- छपार में रोडवेज की चपेट में आकर दो युवकों की मौत।
- 23 जनवरी- रतनपुरी में बाइक सवार दो युवकों की अज्ञात वाहन की टक्कर से मौत।
- एक मार्च-खतौली में नहर पटरी पर हुए हादसे में सरधना निवासी मां बेटे की मौत, महिला घायल।
- नौ अप्रैल- सिखेडा के गांव मोघपुर निवासी सीआरपीएफ के जवान संदीप की मौत।
- 22 अप्रैल- खतौली क्षेत्र में पाल गांव निवासी महिला सहित तीन की मौत।
-
कोट...
हादसों को रोकने के लिए ब्लैक स्पॉट चिह्नित किए जा रहे हैं। जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। लोगों से अपील की जा रही है कि वाहनों की गति नियंत्रित रखें। यातायात के नियमों का पालन करें। हेलमेट का प्रयोग करें। ओवरटेक करते हुए सावधानी बरतें। - कुलदीप सिंह, एसपी यातायात।