चरथावल(मुजफ्फरनगर)। बृहस्पतिवार सुबह आंधी के कारण दधेड़ू कलां-सैद नंगला मार्ग स्थित भट्ठे पर ईंट की ढांग गिर जाने से मजदूर बबलू उर्फ अजय कश्यप (38) की गिरकर मलबे में दब जाने से मौत हो गई। परिजनों ने भाकियू नेताओं के साथ मुआवजे की मांग को लेकर करीब सात घंटे तक शव नहीं उठाने दिया। भट्ठा मालिक रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। उन्होंने मृतक के परिवार को 10 लाख रुपये आर्थिक मदद करने का आश्वासन दिया। इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया।
हादसा बृहस्पतिवार सुबह करीब छह बजे हुआ। मुथरा गांव निवासी बबलू उर्फ अजय कश्यप (38) भट्ठे पर अन्य साथियों के साथ काम कर रहा था। ईंटों के चट्टे को ढकते वक्त अचानक आंधी के कारण संतुलन बिगड़ने के कारण वह नीचे गिर गया और मलबे में दब गया। मौके पर काम करने वाले साथियों ने उसे बाहर निकाला लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। मजदूर की मौत की खबर पर उसके गांव से काफी लोग मौके पर पहुंच गए।
मुआवजे की मांग को लेकर परिवार की महिलाओं ने भट्ठे पर प्रदर्शन शुरू कर दिया। मौके पर थाना प्रभारी ने गुस्साए लोगों को समझाने का प्रयास किया लेकिन भट्ठा स्वामी को मौके बुलाने की मांग पर अड़े रहे।
सामाजिक न्याय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवेंद्र कश्यप, अजय सैनी, भाकियू एनसीआर के अध्यक्ष विकास शर्मा, ब्लॉक अध्यक्ष संजय त्यागी, किसान नेता शशिकांत त्यागी चौकड़ा मौके पर पहुंचें। उन्होंने मृतक के परिवार को आर्थिक सहयोग दिलाने की मांग की।
सीओ सदर डॉ. रविशंकर मिश्रा, तहसीलदार सदर राधेश्याम गोंड एवं नायब तहसीलदार ने मृतक के परिजनों को शासन से मिलने वाली आर्थिक सहायता को प्राथमिकता पर दिलाने का भरोसा दिया।
-
परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल
फोटो
चरथावल ब्लॉक के गांव मुथरा निवासी मांगेराम का पुत्र बबलू (मृतक) के तीन बच्चे हैं। हादसे में युवक के मौत पर महिलाओं सहित परिवार के तमाम सदस्यों का रो-रो कर बुरा हाल है। उधर, देर शाम गांव में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया। रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप मलिक ने कहा कि परिवार की हर संभव सहायता की जाएगी। हादसा दुखद है।
बबलू उर्फ अजय कश्यप फाइल फोटो- फोटो : भिनगा कस्बे में बुधवार की रात बारिश के दौरान गुजरते वाहन।
बबलू उर्फ अजय कश्यप फाइल फोटो- फोटो : भिनगा कस्बे में बुधवार की रात बारिश के दौरान गुजरते वाहन।