छेड़छाड़ से आहत युवती ने जान देने की कोशिश की
मुजफ्फरनगर। शहर से सटे एक गांव में छेड़छाड़ से आहत युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। परिजन ऐनवक्त पर युवती को फंदे से उतारकर जिला अस्पताल में भर्ती कराया।
सिविल लाइंस थाना क्षेत्र के शहर से सटे गांव निवासी ने तहरीर देकर बताया कि उसकी बेटी के साथ गांव के ही युवक ने 27 मार्च की शाम छेड़छाड़ करते हुए हाथ पकड़कर उसे खींचने का प्रयास किया। पीड़िता के शोर मचाने पर उसके परिजन घर से निकले, जिसके बाद दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। घटना के बाद युवती के पिता ने देर रात थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई, लेकिन उसे थाने से टरकाकर भेज दिया गया। पीड़ित के अनुसार अगले दिन पुलिस घर पर पहुंची और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई के बजाय युवती के पिता को ही हिरासत में लेकर पुलिस चौकी ले जाकर बैठा दिया। कुछ देर बाद पीड़ित पिता को छेड़छाड़ आरोपी पक्ष से फैसला करने की चेतावनी देकर छोड़ दिया गया, तभी से पीड़ित पक्ष कार्रवाई को लेकर थाने व चौकी के चक्कर काट रहा था। बृहस्पतिवार शाम इससे आहत युवती ने घर के एक कमरे में खुद को बंद कर दुपट्टे से फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया। ऐनवक्त पर परिजनों द्वारा देख लिए जाने पर उसे फंदे से नीचे उतारते हुए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस इस मामले की जानकारी होने अथवा किसी तरह की तहरीर आने से ही इंकार कर रही है।