मीरापुर पुलिस द्वारा मुठभेड़ के बाद घायल बदमाश।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
मुठभेड़ में दबोचा 15 हजार का इनामी बदमाश
मीरापुर (मुजफ्फरनगर)। टूटी पुलिया पर मंगलवार तड़के हुई मुठभेड़ में पुलिस ने 15 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। गोली लगने से घायल बदमाश को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उस पर कई थानों में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं।
मंगलवार तड़के कस्बे के पास स्थित टूटी पुलिया पर थाना पुलिस चेकिंग कर रही थी। इंस्पेक्टर एचएन सिंह ने बताया कि इसी दौरान बाइक सवार दो संदिग्ध युवक वहां पहुंचे, जिन्होंने फायरिंग कर फरार होने का प्रयास किया। घेराबंदी कर पुलिस ने जवाबी कार्रवाई की, जिसमें एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। इंस्पेक्टर ने बताया कि घायल बदमाश शहजाद उर्फ शहजादा कलंदर पुत्र यासीन निवासी गांव सैफपुर, फिरोजपुर थाना बहसूमा, जिला मेरठ है। इसके कब्जे से संदिग्ध बाइक, तमंचा-कारतूस बरामद किए गए। शहजाद के खिलाफ कई थानों में गंभीर धाराओं में एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज हैं और उस पर 15 हजार का इनाम भी घोषित किया गया है। सूचना पर सीओ जानसठ शकील अहमद भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद फरार बदमाश की तलाश में कांबिंग की गई, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।