जानसठ तहसील में खुला उपनिबंधक कार्यालय।
- फोटो : KHATAULI
जानसठ में 28वें दिन उपनिबंधक कार्यालय में पहली एक रजिस्ट्री
मुजफ्फरनगर, जानसठ। लॉकडाउन के 28वें दिन तहसील के उप निबंधक कार्यालय में पहली रजिस्ट्री हुई। मात्र एक रजिस्ट्री से सरकार को चार लाख रुपये का राजस्व प्राप्त हो सका। लॉकडाउन के बाद से उपनिबंधक कार्यालय को प्रतिदिन 12 लाख रुपये की हानि विभाग को हो रही है।
उत्तर प्रदेश सरकार के प्रमुख सचिव के आदेश पर लॉकडाउन के बावजूद 16 अप्रैल को तहसील के उपनिबंधक कार्यालय के ताले खोल दिए गए थे। मंगलवार को लॉकडाउन का 28वां दिन था। 28वें दिन उपनिबंधक कार्यालय में एक रजिस्ट्री हुई। इस रजिस्ट्री से विभाग को चार लाख रुपये की राजस्व आमदनी हो सकी। सब रजिस्ट्रार अमिय कृष्ण पांडे ने बताया कि सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए मंगलवार को रजिस्ट्री कराई गई। बायोमीट्रिक मशीन पर अंगूठा लगाने से पूर्व क्रेता व विक्रेता तथा गवाहों के हाथों को सैनिटाइज कराया गया। इसके बाद ही रजिस्ट्री हो सकी। रजिस्ट्री के दौरान क्रेता व विक्रेता के साथ आए परिवार के अन्य लोगों को उपनिबंधक कार्यालय के बाहर रहने की हिदायत दे दी गई थी। सब रजिस्ट्रार का कहना है कि बुधवार से और भी रजिस्ट्री होने की संभावना है।