संवाद न्यूज एजेंसी
ककरौली। थाना ककरौली क्षेत्र के जड़वड़ गांव में वारंटी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर पथराव करने के आरोपी वारंटी ओमप्रकाश व उसकी एक बेटी को पुलिस ने गिरफ्तार कर चालान कर दिया था। उसकी पत्नी व दूसरी बेटी की तलाश अभी जारी है।
थाना ककरौली क्षेत्र के जड़वड़ गांव निवासी ओमप्रकाश का अदालत से एक मुकदमे में वारंट जारी हुआ था। सोमवार सुबह पुलिस टीम उसे पकड़ने गई थी। जब पुलिस टीम ओमप्रकाश को साथ लेकर चलने लगी, तो ओमप्रकाश की पत्नी व दो बेटियों ने विरोध करते हुए पुलिस पर पथराव कर दिया, जिसमें दरोगा मनोज कुमार, दरोगा दिनेश सैनी व महिला हेड कांस्टेबल अनिता सिद्धू घायल हो गए थे।
खींचातानी में दरोगा मनोज कुमार व महिला सिपाही अनिता सिद्धू की वर्दी भी फट गई थी। थाने से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाकर पुलिस ने वारंटी ओमप्रकाश व उसकी एक बेटी मानसी को हिरासत में लेकर चालान कर दिया था। पुलिस टीम पर पथराव करने व सरकारी कार्य में बाधा डालने की धाराओं में वारंटी ओमप्रकाश, उसकी पत्नी बबली, दो बेटियों मानसी व बॉबी के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया था। थाना पुलिस ने बताया कि वारंटी ओमप्रकाश की पत्नी बबली व एक बेटी बॉबी की तलाश की जा रही है।