मुजफ्फरनगर। शहर के कूकड़ा निवासी भाई से लड़कर महिला आत्महत्या करने के इरादे से रेलवे स्टेशन पहुंच गई। यहां जीआरपी के जवानों ने उसे रेलवे ट्रैक से हटाकर नई मंडी कोतवाली पुलिस के हवाले कर दिया, जिसके बाद पीड़िता के भाई को थाने बुलवा लिया गया है।
मूल रूप से बाबरी थाना क्षेत्र के गांव बुटराड़ा निवासी बबीता की शादी 15 साल पूर्व बड़ौत के गांव साबका निवासी जितेंद्र से हुई थी। दोनों के तीन बच्चे भी हैं। करीब डेढ़ माह पूर्व पति से लड़ाई होने पर बबीता ससुराल छोड़कर कूकड़ा निवासी भाई बोबिंदर के पास आकर रहने लगी थी। शुक्रवार रात बबीता का जेठ कूकड़ा आया था, जिसे लेकर बोबिंदर की बबीता से कहासुनी हो गई। शनिवार सुबह इसी बात को लेकर बबीता घर से निकलकर आत्महत्या के इरादे से रेलवे स्टेशन पहुंच गई। वहां दिल्ली से आने वाली ट्रेन के आने का समय होते ही वह रेलवे ट्रैक पर खड़ी हो गई। लोगों ने उसे हटाने की कोशिश की, लेकिन वह नहीं हटी। सूचना पर जीआरपी के जवानों ने महिला को ट्रैक से हटाकर नई मंडी कोतवाली पहुंचाया। सीओ मंडी योगेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के भाई बोबिंदर को पूछताछ के लिए थाने बुलाया गया है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।