शामली। जिलाधिकारी ने गांव हसनपुर का दौरा करके दंगा पीड़ितों से घर लौटने की अपील की है। उन्होंने कहा कि घर लौटने वाले पीड़ितों को पूरी सुरक्षा मिलेगी।
बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी नागेंद्र प्रसाद सिंह ने दंगा पीड़ित गांव हसनपुर का दौरा किया। उन्होंने कहा कि जिस जिले में दंगा होता है, वह विकास की गति में दस साल पीछे छूट जाता है। दंगों के दौरान गांव छोड़कर ग्राम जौला में रह रहे दंगा पीड़ितों से गांव में वापसी की अपील करते हुए उन्हें सुरक्षा की गारंटी दी। डीएम को अवगत कराया कि दंगे के दौरान जो मुस्लिम परिवार गांवों से चले गए थे, वह एक महीने पूर्व गांव में वापस आकर रह रहे हैं। उन्हें कोई भी परेशानी नहीं है। डीएम ने दंगों के दौरान गांव छोड़कर जौला गए शौकीन, शमशाद व इमरान आदि से गांव वापसी पर उनका हाल जाना। डीएम ने सभी पीड़ितों से गांव लौटने की अपील की है। गांव के रविंद्र सिंह ने बताया कि जब से मुस्लिम भाई गए हैं, गांव सूना सा लगता है। इस मौके पर एसडीएम आरएन शर्मा, शमशाद, इमरान आदि मौजूद रहे।