सरसों और आलू की फसल को नुकसान
मीरापुर/भोपा/छपार। जनपद के देहात क्षेत्र में सोमवार देर रात से तेज हवाओं के साथ हो रही तेज बारिश व हल्की ओलावृष्टि ने फिर से लोगों को शीतलहर का अहसास करा दिया है। रात से ही रुक-रुककर हो रही बारिश व हल्की ओलावृष्टि से जहां एक ओर सरसों व आलू की फसल को नुकसान पहुंचा है।
सोमवार देर रात से लगातार तेज हवाओं के साथ रुक-रुककर हो रही तेज बारिश व कहीं-कहीं हल्की ओलावृष्टि ने पिछले कुछ दिन से मौसम में आ रही गर्माहट को फिर से शीतलहर में तब्दील कर दिया है। लगातार 24 घंटे से अधिक समय से हो रही बारिश से सामान्य जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भोपा क्षेत्र के किसान गुरुदास वालिया, धर्मपाल सिंह राठी, योगेश सिवाच, मुमताज अली, धीर सिंह, विरेंद्र राठी का कहना है कि यदि यह बारिश अभी कुछ समय और होती रही तो खेतों में खड़ी कई फसलों को काफी हानि होगी। उधर, देहात क्षेत्र के कोल्हुओं पर भी ईंधन बारिश में गीला होने के कारण कामकाज पूरी तरह से प्रभावित हो गया है।
पुरकाजी। कई घंटे तक हुई बारिश से मौसम में ठंड बढ़ गई। बाजारों में ग्राहक न आने से बाजार सूने पड़े रहे। किसान नवीन राठी, गोल्डी राठी, प्रताप सिंह, मगन सिंह, इरशाद फरीदी, अर्जुन गुप्ता, मोनू पंवार ने बताया कि बारिश से गेंहू व गन्ने की फसलों को भारी फायदा होगा।
पानी में डूबी स्ट्रॉबेरी की फसल
भोपा। कस्बा निवासी गोपाल सैनी पिछले दो साल से जमीन बटाई पर लेकर स्ट्रॉबेरी की पैदावारी कर रहे हैं। सोमवार देर रात से हो रही लगातार तेज बारिश से उसकी फसल पानी में डूब गई है, जिससे गोपाल को काफी नुकसान होने की आशंका है। इसके साथ ही उसकी खेतों में तैयार खड़ी फ्रासबीन की फसल को भी काफी नुकसान हुआ है।