कर्मचारी की मौत पर ग्रामीणों का हंगामा
बुढ़ाना (मुजफ्फरनगर)। चीनी मिल भैंसाना में देर रात ड्यूटी के दौरान हृदयगति रुकने से कर्मचारी की मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुुंचे मृतक के परिजनों व ग्रामीणों ने चीनी मिल परिसर में जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर रालोद नेता व भाकियू कार्यकर्ता भी पहुंच गए। मृतक के बेटे को नौकरी व पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर प्रदर्शनकारियों ने धरना दिया। शाम को उपजिलाधिकारी की मौजूदगी में चीनी मिल एचआर के जोनल हेड ने मृतक के बेटे को नौकरी व आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। इसके बाद धरना समाप्त हुआ।
मेरठ के रोहटा निवासी सतीश कुुमार (43) चीनी मिल भैंसाना में खलासी था। रविवार देर रात वह अपनी ड्यूटी पर था। चीनी मिल अधिकारियों के अनुसार अचानक वह अचेत हो गए। इस पर कर्मी उन्हें निजी चिकित्सालय ले गए, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही मृत सतीश कुमार के परिजन व रोहटा के ग्रामीण सोमवार सुबह चीनी मिल में पहुंच गए। मृतक के परिजनों ने चीनी मिल के अधिकारियों से मृतक के बेटे को नौकरी व पीड़ित परिवार को आर्थिक सहायता देने की मांग को लेकर मिल परिसर में प्रदर्शन किया। घटना की सूचना मिलते ही रालोद नेता व पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व विधायक राजपाल बालियान, जिलाध्यक्ष अजीत राठी व रालोद युवा के प्रदेश सचिव बालकिशोर त्यागी भी कार्यकर्ताओं के साथ धरनास्थल पर पहुंच गए। चीनी मिल एचआर के जोनल हेड लोकेंद्र आर्य भी अधिकारियों के साथ धरनास्थल पर पहुंचे। सूचना मिलते ही उपजिलाधिकारी नितिन गौर, तहसीलदार मनोज कुमार भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। आर्थिक सहायता व नौकरी की मांग को लेकर धरना स्थल पर बैठे नेताओं व चीनी मिल के अधिकारियों के बीच पूरे दिन वार्ताओं का दौर चलता रहा। शाम कोचीनी मिल एचआर के जोनल हेड व तहसीलदार मनोज कुुमार ने मृतक के बेटे आयुष को नौकरी देने की घोषणा की। इसके बाद धरना समाप्त हो गया।