मुजफ्फरनगर। शोर मचा रहे छात्र को चोट लगने से गुस्साए उसके परिजनों ने स्कूल पहुंचकर जमकर किया। बदसलूकी से नाराज शिक्षकों ने शिक्षण कार्य का बहिष्कार करते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक शिक्षण कराने से इंकार कर दिया है। कॉलेज प्रधानाचार्य ने घटना की तहरीर दी है।
नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के सुभाषनगर निवासी जयहिंद पब्लिक इंटर कॉलेज के शिक्षक रजनीश कुमार दो जनवरी को कक्षा-आठ में गणित विषय पढ़ा रहे थे। इसी दौरान सुभाषनगर निवासी छात्र आशु पुत्र संजय कन्नोजिया कक्षा में हंगामा करने लगा, जिस पर शिक्षक ने उसे धमका दिया। इसके कुछ देेर बाद छात्र के दोबारा हंगामा करने पर शिक्षक ने जैसे ही उसे डंडे से डराना चाहा, वह उसके माथे पर जा लगा। इस पर शिक्षक ने छात्र की ड्रेसिंग कराकर उसे घर भेज दिया। आरोप है कि इसके कुछ देर बाद ही छात्र के परिजन काफी संख्या में ग्रामीणों के साथ स्कूल जा पहुंचे और शिक्षक से बदसलूकी करते हुए हंगामा करने लगे। बाद में ग्रामीणों ने किसी तरह उन्हें समझा-बुझाकर शांत करते हुए घर भेज दिया, लेकिन शुक्रवार को फिर से छात्र के अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर जमकर हंगामा करते हुए शिक्षकों से बदसलूकी कर दी। शिक्षकों ने स्कूल में शिक्षक कार्य बंद कर दिया और आरोपी अभिभावकों के खिलाफ कार्रवाई होने तक कार्य बहिष्कार की धमकी दे डाली। मामले में प्रधानाचार्य कल्याण सिंह सैनी ने नई मंडी थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस तहरीर के आधार पर मामले की जांच कर रही है।