दस हजार के इनामी बदमाश को दबोचा
मुजफ्फरनगर। शहर कोतवाली पुलिस ने दस हजार के इनामी बदमाश अरशद को उसके दो साथियों के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजा। इस पर उत्तराखंड पुलिस की ओर से भी ढाई हजार का इनाम घोषित था। पकड़े गए बदमाशों से चोरी की दो स्कूटी और अवैध तमंचे बरामद हुए है।
एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि शहर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक अनिल कपरवान और खालापार चौकी प्रभारी विनय शर्मा ने पुलिस टीम के साथ गहराबाग से अरशद पुत्र इरफान फाना निवासी खालापार के अलावा रियासत पुत्र इरफान और दानिश पुत्र तहसीन निवासी खालापार को गिरफ्तार किया। तीनों से चोरी की दो स्कूटी और दो तमंचे बरामद किए। एसपी सिटी ने बताया कि अरशद गौकसी के मामले में शहर कोतवाली और छपार थाने से वांछित चल रहा था। जिस पर दस हजार का इनाम घोषित था। उत्तराखंड के हरिद्वार सिटी कोतवाली के भी एक मामले में उसकी तलाश थी। वहां की पुलिस ने भी इस पर ढाई हजार का इनाम घोषित कर रखा था। पुलिस ने तीनों आरोपियो को जेल भेज दिया।
20 वर्ष से फरार हिस्ट्रीशीटर इनामी दबोचा
मुजफ्फरनगर। चरथावल पुलिस ने 20 वर्ष से फरार चल रहे इनामी हिस्ट्रीशीटर को गिरफ्तार किया है। इस बदमाश पर 15 हजार रुपये का इनाम घोषित था। एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने बताया कि चरथावल के ग्राम कुल्हेडी निवासी यासीन पुत्र अतीक थाने का हिस्ट्रीशीटर है, जो 20 साल से फरार चल रहा था। यासीन के खिलाफ चरथावल थाने पर वर्ष 1997 में धारा 2/3 गेंगस्टर एक्ट में 16 सितंबर को कोर्ट द्वारा मफरूर घोषित कर उसकी गिरफ्तारी के लिए स्थाई गैर जमानती वारंट जारी किये थे। आरोपी कुल्हेडी से अपनी संपत्ति बेचकर बागपत के कसबा रटोल में रहने लगा था। पुलिस ने वहीं पर छापा मार कर उसे गिरफ्तार कर लिया।