मीरापुर। दिल्ली-पौड़ी राजमार्ग पर गांव कैथोड़ा के निकट करीब दो माह पूर्व घायल हुए युवक की उपचार के दौरान मौत हो गई। गांव तुल्हेड़ी निवासी मल्लू का 22 वर्षीय पुत्र नदीम 21 जनवरी को ट्रैक्टर-ट्रॉली लेकर टिकौला चीनी मिल की ओर जा रहा था। गांव कैथोड़ा के निकट अचानक ट्रॉली में खराबी आ जाने पर चालक नदीम सड़क पर ही खराबी ठीक करने का प्रयास कर रहा था। इसी दौरान दिल्ली की ओर से आ रही एक रोडवेज बस ने नदीम को टक्कर मारकर घायल कर दिया। करीब दो माह के उपचार के बाद भी घायल युवक को बचाया नहीं जा सका। गुरुवार देर शाम घायल नदीम की उपचार के चलते मौत हो गई।
बस को पुलिस के हवाले किया
मीरापुर। मीरापुर-बिजनौर मार्ग पर गांव शिवपुरी के सामने दुर्घटना करने वाली एक रोडवेज बस को गढ़ मुक्तेश्वर डिपो के एक अधिकारी ने पुलिस के हवाले कर दिया है। 31 जनवरी की दोपहर करीब 12 बजे गांव शिवपुरी के सामने बिजनौर की ओर जा रही गढ़ मुक्तेश्वर डिपो की रोडवेज बस ने टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में राजबीर पुत्र छंगा निवासी शिवपुरी की मौत हो गई थी। पुलिस के दबाव के चलते बस चालक रूपी सैनी निवासी मंगूपुरा अमरोहा ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया था। करीब डेढ़ माह बाद गढ़ मुक्तेश्वर डिपो के इंचार्ज जितेंद्र सिंह ने दुर्घटना से संबंधित बस को मीरापुर लाकर पुलिस के हवाले कर दिया।