अस्पताल की ओपीडी में लगी आग
मुजफ्फरनगर। जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में अचानक आग लगने से भगदड़ मच गई। चिकित्सक कक्ष में लगे एसी के स्टेब्लाइजर में तेज धमाका हुआ और उसने आग पकड़ ली। इस घटना के बाद पूरे कक्ष में धुआं भर गया और मरीजों तथा स्टॉफ में हड़कंप मच गया।
मंगलवार को सुबह करीब 11 बजे जिला अस्पताल के नेत्र रोग विभाग की ओपीडी में मरीजों की भीड़ लगी थी। चिकित्सक डा. अरविंद गर्ग के कक्ष में नेत्र सहायक व अन्य स्टाफ मरीजों को परामर्श दे रहा था, तभी अचानक कक्ष में लगे एसी के स्टेब्लाइजर में धमाका हुआ और उसमें आग की लपटें निकलने लगी। यह देख कक्ष में मौजूद मरीजों और अस्पताल स्टॉफ में भगदड़ मच गई। सभी तुरंत कक्ष से बाहर निकल आए। पूरा ओपीडी कक्ष धुएं से भर गया। गनीमत रही कि कोई हादसा नहीं हुआ और न ही आग फैली। अस्पताल के इलेक्ट्रीशियन ने स्टेब्लाइजर की आग को बुझाया तथा ठप हो चुकी कक्ष की बिजली व्यवस्था को सुचारु किया।