सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण
बुढ़ाना। उपजिलाधिकारी दीपक कुमार ने कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सीएचसी पर तैनात छह डाक्टरों सहित 15 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। उपजिलाधिकारी ने गैरहाजिर पाए जाने वाले डाक्टरों व कर्मचारियों की रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है।
जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुसार उपजिलाधिकारी दीपक कुमार बुधवार को सुबह सवा आठ बजे कस्बे के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचे। सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी डां. यासिर किसी कार्य से मुजफ्फरनगर गए थे। एसडीएम ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की साफ सफाई का निरीक्षण किया। सीएचसी में मौजूद मिले डॉक्टर विक्रांत के साथ उपजिलाधिकारी ने उपस्थिति रजिस्टर को चेक किया। सीएचसी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी को सीएचसी पर तैनात 6 डाक्टरों सहित 15 कर्मचारी गैर हाजिर मिले। चिकित्सकों सहित 15 कर्मचारी गैर हाजिर पाए जाने पर उपजिलाधिकारी हैरान रह गए। उन्होंने सीएचसी में मौजूद बीमार महिला, पुरुष एवं बच्चों से दवाई आदि के बारे में पूछताछ की। उपजिलाधिकारी ने बताया कि सीएचसी में गैर हाजिर मिलने वाले चिकित्सकों व कर्मचारियों के खिलाफ रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी है। रिपोर्ट की प्रतिलिपि मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी व सीएचसी के प्रभारी चिकित्साधिकारी को आवश्यक कार्रवाई के लिए भेजी है।