मंदिर में हुआ सुंदरकांड का पाठ
मुजफ्फरनगर। पुलिस लाइन स्थित मंदिर के जीर्णोद्धार के साथ ही प्रांगण में नवनिर्मित बहुउद्देश्यीय हाल का मंगलवार को पूजा अर्चना के साथ विधिवत शुभारंभ हुआ। मंदिर परिसर में सुंदरकांड का पाठ करने के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए भंडारा और प्रसाद वितरण किया गया। जीर्णोद्धार एसएसपी सुधीर कुमार सिंह के प्रयासों के चलते कराया गया है। इसके साथ ही मंदिर प्रांगण में बहुउद्देशीय हाल का भी निर्माण कराया गया है। जिसमें भविष्य में विभागीय कार्यक्रमों के साथ ही शादी समारोह व अन्य कार्य किए जा सकेंगे। मुख्य यजमान एसएसपी के साथ ही एसपी सिटी ओमवीर सिंह, एसपी देहात आलोक शर्मा, एसपी ट्रैफिक बीबी चौरसिया व अंडर ट्रेनिंग आईपीएस श्रद्धा पांडेय के साथ ही प्रमुख समाजसेवी व उद्यमी भीमसेन कंसल, सतीश गोयल, राजू अग्रवाल भी मौजूद रहे। बहुउद्देशीय हाल के शुभारंभ अवसर पर एसएसपी ने पुलिस लाइन परिसर में ही स्थित बाल उद्यान परिसर का भी कायाकल्प कराते हुए इसे सुंदर पार्क बनाए जाने की घोषणा की। जिसमें बच्चों के लिए झूले आदि भी लगाए जाएंगे। इस बीच मंदिर परिसर में भंडारा हुआ।