मृतक सुपरवाइजर रोहित के परिजनों से मिले सांसद
रतनपुरी। सांसद डा. संजीव बालियान ने रतनपुरी निवासी मृतक सुपरवाइजर रोहित पुत्र बीर सिंह के घर पहुंच कर पीड़ित परिवार को सांत्वना दी।
रतनपुरी निवासी रोहित की रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र में बृहस्पतिवार की रात साथी इंजीनियर सतेंद्र पुत्र रामपाल निवासी लामाखेड़ा टांडा बादली रामपुर ने ईंट से कुचलकर हत्या कर दी थी। रविवार कोभी दिनभर मृतक रोहित के घर परिजनों को सांत्वना देने लिए रिश्तेदारों और क्षेत्र के लोगों का तांता लगा रहा। सांसद डा. संजीव बालियान ने रतनपुरी पहुंच कर पीड़ित परिवार से मिलकर उन्हें सांत्वना दी। सांसद ने रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक जीबी जोशी से फोन पर वार्ता कर मामले की जानकारी ली और पुलिस को मामले का सही और जल्द खुलासा करने के लिए निर्देश दिए। वहीं, ट्रांजिट कैंप के इंस्पेक्टर ने सांसद को बताया कि मुख्य आरोपी सतेंद्र को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इसके अलावा भी पुलिस अन्य पहलुओं पर भी जांच कर रही है। आरोपियों को किसी भी सूरत में बख्शा नही जाएगा। इस दौरान जिला पंचायत सदस्य ठाकुर राजेंद्र सिंह, मनोज लोहडडा, भाकियू ब्लॉक अध्यक्ष कपिल सोम, सुनील ठाकुर, नितिन ठाकुर, पूर्व प्रधान सत्यपाल सिंह आदि मौजूद रहे। दो दिन पूर्व विधायक विक्रम सैनी ने भी मृतक रोहित के घर पहुंचकर गमगीन परिवार को सांत्वना दी।