गंगा दशहरे मेले में श्रद्धालुओं का लगा तांता
मोरना। शुक्रताल में गंगा दशहरे मेले में स्नान के लिए श्रद्धालुओं धीरे धीरे भीड़ उमड़ने लगी है। श्रद्धालु मंगल गीत व भजन कीर्तन करते हुए अपने वाहनों से नगर में प्रवेश कर रहे हैं। साधु संत गंगा में स्नान कर मां गंगा का गुणगान श्रद्धा भाव से धार्मिक आस्था के भाव को उजागर कर रहे हैं। नगर में भारतीय संस्कृति की छटा और उमंग की अनोखी बेला दिखाई दे रही है। महिलाओं ने बैंड बाजों के साथ गंगा घाट पर कलश पूजन किया और बच्चों के मुंडन संस्कार कराकर पंडों से परिवार में सुख शांति के लिए पूजा अर्चना भी कराई। स्नान करने के बाद प्राचीन वट वृक्ष की परिक्रमा कर मन्नत का धांगा बांधकर मंदिरों के दर्शन भी किए।
बृहस्पतिवार शाम श्रद्धालुुओं ने अपने पितृों के लिए गंगा में दीपों को प्रवाहित किया। वहीं, पुलिस प्रशासन श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ के लिए यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए जुटे हुए हैं। आश्रम और धर्मशालाओं में देर रात तक धार्मिक आयोजन और भजन कीर्तन चलता रहा। गंगा दशहरे को लेकर प्रशासन के आला अधिकारियों ने मेले में डेरा जमा लिया है। मेले में आने वाले श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ ट्रैक्टर ट्रॉली, भैंसा बुग्गी, कार और बाइक आदि वाहनों से आ रहे हैं। श्रद्धालु गंगा में स्नान कर मेला बाजार में चाट पकौड़ी, मिठाई आदि का लुत्फ उठा रहे हैं। खेल खिलौने, साज सज्जा, श्रृंगार आदि का सामान खरीदने में जुटे हुए हैं। श्रद्धालुओं ने शुकदेव के सप्त ऋषि, श्रीकृष्ण भगवान के दर्शन कर शिक्षा ऋषि ब्रहमलीन स्वामी कल्याण देव महाराज की समाधि के दर्शन कर उनको नमन किया। हनुमानधाम में भगवान श्रीराम, सेवक हनुमान की विशाल प्रतिमा के दर्शन किए। दंडी आश्रम, गणेशधाम, शिवधाम, पीतांबराधाम, शनिधाम, महाशक्ति सीद्धपीठ आश्रम, गोडिया मठ आश्रम, दुर्गा धाम, सच्चा आश्रम, तिलकधारी आश्रम, श्री लक्ष्मी मंदिर आश्रम, राम आश्रम, श्री रविदास आश्रम, ब्राहमण आश्रम, गुर्जर धर्मशाला, जाट धर्मशाला, राजपूत धर्मशाला आदि में साधु संतों से आर्शीवाद प्राप्त किया। मेले की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर एसडीएम अतुल कुमार, सीओ भोपा राजीव गौतम, भोपा थाना प्रभारी डा. बीपी सिंह, शुक्रताल चौकी प्रभारी चंद्रसैन सैनी आदि लगे हुए हैं। वहीं जिला पंचायत की अवर अभियंता नूतन शर्मा, अवर अभियंता कमल किशोर, जेई अरविन्द कुमार, राकेश शर्मा, प्रवीण आदि भी व्यवस्था की देखरेख में लगे हैं।