आवंटन प्रक्रिया निरस्त
भोपा। कस्बे में राशन डीलर की दुकान के आवंटन प्रक्रिया का खुली बैठक का कोरम पूरा नहीं हो सका। इस कारण आवंटन प्रक्रिया को निरस्त करना पड़ा। राशन डीलर की दुकान के आवंटन को लेकर खुली बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में लगभग दो हजार लोगों की संख्या होना आवश्यक था। संख्या कम रहने पर कोरम नहीं पूरा हो चुका। मौके पर मौजूद अधिकारी जिला सेवा योजना अधिकारी यूएन शुक्ला ने अग्रिम आदेश तक आवंटन प्रक्रिया को निरस्त कर दिया है। ग्राम प्रधान समीम आरा, हरीश राठी, बब्बू, इजहार अहमद, जगपाल सिंह वालिया, प्रदीप शर्मा सहित एडीओ चंद्र प्रकाश शर्मा, मदनपाल सिंह, ग्राम पंचायत अधिकारी रविंद्र सिंह नागर मौजूद रहे।
छात्रा नशे की हालत में मिली
भोपा। गंगनहर पटरी से नशे की हालत में छात्रा पड़ी मिली। पुलिस ने छात्रा को सीएचसी पर भर्ती कराया। परिजन छात्रा को नशे की हालत में ही अपने साथ ले गए थे। सोमवार दोपहर को एक छात्रा भोपा गंगनहर पटरी पर नशे की हालत में घूमती नजर आई, जो स्कूटी भी लिए हुई थी। वह फोन पर किसी से बात भी कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस छात्रा को अपने साथ ले गई। पुलिस ने छात्रा को अस्पताल में भर्ती कराया। छात्रा के पास मिली आईडी से उसके परिजनों को सूचना दी गई। छात्रा बीएससी में पढ़ती है। सूचना मिलने पर परिजन छात्रा को नशे की हालत में ही उसे अपने साथ घर लेकर चले गए।
50 लाख का गबन का आरोप
भोपा। गांव तिस्सा निवासी लोकेश, लक्ष्मण, सोनू, कृष्ण, दयानंद, राकेश, कृष्णपाल, रहकड़ा निवासी त्रिलोकी, प्रेम, मोरना निवासी सुदेश, नजर मोहम्मद आदि ने थाने पहुंच कर पुलिस से शिकायत करते हुए बताया कि मेरठ का रहने वाला एक युवक उनके पास आया जो एक इंश्योरेंस कंपनी का एजेंट बनकर पॉलिसी कराने आता था। पॉलिसी करने का प्रलोभन देकर उसने करीब 50 लाख रुपये गबन कर लिए हैं। पुलिस ने तहरीर लेकर जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।
बाइक सवार घायल
भोपा। गांव बेलड़ा निवासी अमित व अंकुर बाइक पर सवार होकर भोपा की ओर आ रहे थे। बेलड़ा गंगनहर पटरी पर सामने से आ रहे वाहन को बचाने के प्रयास में बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दोनों बाइक सवार नीचे गिरकर घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
युवती को धमकी दी
भोपा। क्षेत्र के एक निवासी व्यक्ति ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि पिछले कई दिनों से उसकी बेटी के फोन पर एक अज्ञात युवक फोन करके धमकी दे रहा है। युवक धमकी देता है कि तूने मेरे साथ शादी नहीं की तो, पूरे परिवार को जान से मार दूंगा। पुलिस ने जांच पड़ताल प्रारंभ कर दी है।