बोलेरो की चपेट में आकर कर्मचारी की मौत
छपार। लिंक रोड बनाने वाली कंपनी के रोड़ी प्लांट में दीवार के बराबर में बैठकर चाय पी रहे कर्मचारी की बोलेरो की चपेट में आकर मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने चालक को गिरफ्तार कर शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के भाई की ओर से चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
छपार थाना क्षेत्र के गांव खामपुर में रामपुर से गोपाली तक सड़क बनाने वाली कंपनी का रोड़ी प्लांट लगा हुआ है। उसमें कस्बा सिसौली निवासी यशपाल पुत्र मलखान सिंह नौकरी करता था। सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे वह अपने एक साथी के साथ दीवार की बराबर में बैठकर चाय पी रहा था। वहीं पर जेसीबी हेल्पर चरथावल निवासी सुहेल भी मौजूद था। उसे किसी ने कह दिया कि बोलेरो कार की धुलाई कर दे। वह कार को स्टार्ट करके चला। आगे कोई बैठा यह नहीं देखा, तुरंत ही नजर पड़ी तो उसके हाथ पांव फूल गए। हड़बड़ाहट में ब्रेक लगाने के बजाए रेस दबा दी। कार ने चाय पी रहे 45 वर्षीय यशपाल को बुरी तरह कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। बाद में शव कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । मृतक के भाई कृष्णपाल ने छपार थाने में आरोपी चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।