गंगा नदी में शिकार पर प्रतिबंध लगाने की मांग
मोरना। शुक्रताल क्षेत्र के गंगा नदी में धड़ल्ले से हो रहे मछली के शिकार को लेकर भाजपा नेताओं सहित गंगा सेवा समिति के सदस्यों ने एसडीएम व सीओ से बातचीत कर जीव जंतुओं के शिकार पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने की मांग की।
शुक्रताल स्थित गंगा सेवा समिति कार्यालय पर जलीय जंतुओं के शिकार को लेकर एसडीएम जानसठ गजल भारद्वाज व सीओ भोपा मोहम्मद रिजवान से विस्तृत चर्चा की। एसडीएम ने वन विभाग व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर जीव जंतुओं के शिकार पर पूर्ण प्रतिबंध का आश्वासन दिया। भाजपा नेता डा. वीरपाल निर्वाल ने कहा कि गंगा में रात के समय अवैध रुप से तस्करों द्वारा जाल लगाकर मछली सहित दुर्लभ प्रजाति के जलीय जंतुओं का बड़े पैमाने पर किए जा रहे शिकार को लेकर साधु संतों व श्रद्धालुओं में भारी रोष व्याप्त है। इस दौरान अधिकारियों के समक्ष आरोपियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग रखी गई है, जिस पर दोनों अधिकारियों ने 24 घंटे में कार्रवाई कराए जाने का आश्वासन दिया। मोरना वन रेंज के क्षेत्राधिकारी सिंहराज सिंह पुंडीर ने मछली प्रकरण को लेकर बताया कि इस मामले में विभागीय लोगों की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनके विरुद्ध भी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। डा. महकार सिंह, प्रेमशंकर मिश्रा, विनोद शर्मा, आचार्य इंद्रपाल, अनिल कंसल, अजय अग्रवाल, अरुण कुमार गर्ग, रामकुमार तायल, सतवीर सिंह मलिक, कैलाशचंद ज्ञानी आदि मौजूद रहे।