एसडी में दीपा, शिवांग तोमर बने चैंपियन
मुजफ्फरनगर। एसडी डिग्री कॉलेज में आयोजित दो दिवसीय एथलेटिक मीट में छात्राओं में दीपा और छात्र में शिवांग तोमर चैंपियन घोषित हुए। इस अवसर पर खेलों में कॉलेज का नाम रोशन करने वाली छात्राओं मैराथन धाविका अर्पिता सैनी, दस मीटर एयर पिस्टल की शूटर नेहा, रणजी ट्राफी खिलाड़ी आंचल त्यागी को विशेष रूप से सम्मानित किया गया।
एथलेटिक मीट के समापन समारोह में एनएसएस के विद्यार्थियों ने सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। एथलेटिक मीट महिला वर्ग की चैंपियनशिप बीपीएड प्रथम वर्ष की दीपा को मिली। पुरुष वर्ग में बीए द्वितीय वर्ष के शिवांग तोमर ने चैंपियनशिप पर कब्जा किया। इस सत्र में महाविद्यालय के 29 खिलाड़ियों का चयन विभिन्न खेल टीमों में हुआ। इन खिलाड़ियों को विद्यालय की ओर से ट्रैक सूट दिए गए। अर्पिता सैनी, आंचल त्यागी और नेहा को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बैडमिंटन की चैंपियनशिप महिला वर्ग में मानसी और पुरुष वर्ग में दीपांशु ने जीती। कार्यक्रम में विभागाध्यक्ष डॉ एसएन सिंह ने सभी विद्यार्थियों से मेहनत के साथ लक्ष्य बनाकर प्रतियोगिताओं में उतरने की अपील की। उन्होंने कहा कि खेलों में अब रोजगार के अवसर हैं। प्राचार्य डॉ एससी वार्ष्णेय, डॉ निशा अग्रवाल, डॉ अजयपाल सिंह, डॉ अशोक त्रिपाठी, डॉ अरुणिमा रानी, डॉ शेखरचंद आदि रहे।