मतदाता सूची के लिए तहसील से नहीं ली सामग्री
मुजफ्फरनगर। मतदाता सूची के पुनरीक्षण में लगाए गए बीएलओ के लिए जिला प्रशासन के आदेश कोई मायने नहीं रखते हैं। 26 दिसंबर से अभियान शुरू होना है, लेकिन बीएलओ ने तहसील से सामग्री ही नहीं ली है। अधिकारियों के फोन भी कर्मचारी नहीं उठा रहे हैं। तहसीलदार सदर ने चेतावनी दी है कि 25 की शाम तक सामग्री नहीं लेने वाले बीएलओ के खिलाफ मुकदमा दर्ज होगा।
चुनाव आयोग के निर्देश पर जिले में 26 दिसंबर से मतदाता सूची विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण का कार्य होना है। एक जनवरी को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले युवाओं के वोट बनाए जाएंगे। इसके लिए तहसील सदर में एक हजार बीएलओ की ड्यूटी लगाई गई। बीएलओ को सामग्री देने के लिए रविवार को तहसील खुली, लेकिन बीएलओ प्रशासन का आदेश मानने को तैयार नहीं है। केवल 110 बीएलओ ने ही सामग्री ली है। तहसीलदार रंजीत सिंह ने बताया कि बीएलओ ने शिक्षकों, शिक्षा मित्रों, शिक्षा प्रेरकों, आंगनबाडी, विभिन्न विभागों के क्लर्कों की ड्यूटी लगाई गई है। तहसीलदार ने बताया कि बीएलओ को सामग्री देने के लिए छुट्टियों में भी तहसील खुल रही है। 25 दिसंबर की शाम तक जो बीएलओ ड्यूटी नहीं लेंगे उनके खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज कराई जाएगी। चुनाव आयोग के कार्य में लापरवाही किसी भी हालत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।