कूड़े का स्थान बदलवाने की मांग
खतौली (मुजफ्फरनगर)। नगर की सरकार तो बदल गई, मगर कूड़े का स्थान नहीं बदला है। जीटी रोड पर डाकखाने की दीवार के नीचे लगे कूड़े के ढेर से दिनभर उठती दुर्गंध से राहगीर तथा दुकानदार परेशान हैं। दुकानदारों ने पालिकाध्यक्ष से कूड़े का स्थान बदले जाने की मांग की है।
काफी समय से जीटी रोड पर डाकखाने की दीवार के नीचे नगर पालिका ने कूड़ा डालने का स्थान बना रखा है। पालिका कर्मचारी कई मोहल्ले से कूड़ा एकत्र कर इस स्थान पर डालते हैं। कूड़ा दिनभर पड़ा होने के कारण इससे दुर्गंध उठती रहती है। नतीजतन डाकखाना, बीएसएनएल कार्यालय तथा तीन बैंकों में आने वाले लोगों तथा दुकानदारों समेत राहगीरों का भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। कूड़े के ढेर में घुसते आवारा कुत्ते कई बार राहगीरों पर हमला कर चुके हैं। मुख्य डाकघर के आसपास दुकानदारों ने कई बार पालिका अधिकारियों से कूड़े का स्थान बदले जाने की मांग की, मगर कोई सुनवाई नहीं हुई। दुकानदारों ने चेयरमैन से इसका स्थान बदलवाने की मांग की है। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक शैशिल मलिक का कहना है कि स्थान बदले जाने की प्रक्रिया चल रही है। शीघ्र ही कूड़े का स्थान बदला जाएगा।