दिनभर पैंठ लगाने को लेकर गहमागहमी
शाहपुर। कस्बे के बसी रोड पर शनिवार को लगने वाली साप्ताहिक पैंठ को लेकर दिनभर हंगामा चलता रहा। एसडीएम और सीओ बुढ़ाना ने कई थानों की पुलिस के साथ पैंठ स्थल पर जाने वाले रास्तों को बंद करा दिया। पैंठ दुकानदार दिनभर भटकते रहे। दुकानदारों की विधायक उमेश मलिक से वार्ता हुई, जिसमें कोई हल नहीं निकला।
शाहपुर कस्बे के बसी रोड पर एक निजी प्लाट में शनिवार को साप्ताहिक पैंठ लगती है। कस्बे के कुछ लोगों के कहने पर विधायक उमेश मलिक ने अधिकारियों से बात कर पैंठ बंद कराने को कहा था। जिसके चलते शनिवार सुबह से ही पैंठ स्थल पर जाने वाले रास्तों को पीएसी और पुलिस बल लगाकर सील कर दिया गया। दुकानदारों को मुजफ्फरनगर रोड स्थित गुड़ मंडी पर पैंठ लगाने के लिए भेज दिया। दुकानदार गुड़ मंडी पहुंचे तो मंडीकर्मियों ने मंडी गेट बंद कर लिया। गेट बंद करने को लेकर दुकानदारों और कर्मियों में नोकझोंक भी हुई। विधायक शाहपुर गुड़ मंडी पहुंचे। अधिकारियों और दुकानदारों के बीच वार्ता हुई, दुकानदारों का कहना था कि गुड़ मंडी शाहपुर कस्बे से दूर पड़ती है, जिसके चलते ग्राहकों का आना संभव नहीं है। विधायक के समझाने के बाद भी दुकानदार गुड़ मंडी पर पैंठ लगाने को तैयार नहीं हुए। विधायक को दुकानदारों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। दुकानदार सोमवार को डीएम से मिलेंगे।
तीन महिलाओं की चोटी कटी
शाहपुर। क्षेत्र के दो गांवों में तीन महिलाओं की चोटी कट जाने से दहशत फैल गई। चोटी कटने के सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। लोग तरह-तरह के टोने-टोटके कर रहे हैं।
शाहपुर के गांव सोरम में दोपहर सलोनी पत्नी विजय कश्यप की चोटी कट गई। शनिवार दोपहर उसके सिर में दर्द हुआ और वह कमरे में जाकर लेट गई। कुछ देर बाद उसे चोटी कटने का पता चला। दूसरी ओर गांव धनायन में अनुज की दो पुत्रियों शिवानी और साक्षी की भी रात को सोते समय चोटी कट गई। चोटी कटने का पता सुबह उस समय चला जब दोनों बेहोशी की हालत में पड़ी मिली। परिजनों ने चिकित्सक से उपचार कराया। चोटी कट जाने की सूचना पर हजारों लोग पीड़ितों के घर पँहुचे व घटना की जानकारी ली। शनिवार को शाहपुर क्षेत्र में 3 स्थानों पर चोटी कट जाने से दहशत फैल गई।