जमीन कुर्क करने का मामला गर्माया
खतौली (मुजफ्फरनगर)। राजस्व वसूली के लिए किसानों की जमीन कुर्क कर लाल झंडी लगाने का मामला गरमाने लगा है। भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने किसानों की महापंचायत बुलाने का भी एलान किया है।
गांव पलड़ी में शनिवार को किसानों की पंचायत अशोक प्रधान के घेर में हुई। बैठक में भाकियू जिलाध्यक्ष राजू अहलावत ने कहा कि गांव के किसान सत्तार ने भूमि विकास बैंक से डेढ़ लाख रुपये का कर्ज लिया था। बैंक और तहसील अधिकारियों ने साठगांठ कर सत्तार पर नौ लाख रुपये का कर्ज बना दिया है। किसान सत्तार से तहसील के एक अमीन ने कर्जा कम कराने के नाम पर 11 हजार रुपये भी वसूल लिए। इसके बावजूद उसका कर्ज कम नहीं हो सका है। पलड़ी गांव में कई किसान ऐसे हैं, जिनकी जमीन को कुर्क कर राजस्व विभाग ने लाल झंडी बांध दी हैं। उन्होंने कहा कि किसानों का मिल मालिकों पर करोड़ों रुपया बकाया चला आ रहा है। प्रशासन ने क्या उन मालिकों की शुगर मिलों पर लाल झंडी बांधी है। राजू अहलावत ने चेतावनी देते हुए कहा कि जिस अमीन ने किसान से 11 हजार रुपये वसूले हैं, उसने अगर किसान के पैसे वापस नहीं लौटाए तो ईद के बाद अमीन के सिर पर लाल झंडी बांधकर उसे तहसील में घुमाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शीघ्र ही क्षेत्र के 15 गांवों के किसानों की महापंचायत बुलाई जाएगी, जिसमें प्रशासन की इस कार्रवाई के विरुद्ध आंदोलन की रणनीति तैयार की जाएगी। पंचायत में अशोक प्रधान, मोहम्मद युनुस, ब्रहमसिंह, मोहम्मद शमीम, रविश, गुड्डू, जितेंद्र, धीरज, मनोज सहरावत, रविंद्र, ललित, सुभाष, अभिषेक आदि किसान मौजूद रहे।