मुजफ्फरनगर के नई मंडी थाना क्षेत्र में पांच वर्षीय बच्ची के साथ शोषण का प्रयास हुआ। बच्ची के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने 80 वर्षीय दुकानदार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया।
मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में एक पांच वर्षीय बच्ची के साथ 80 वर्षीय दुकानदार ने शोषण का प्रयास किया। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बच्ची मोहल्ले में ही एक दुकान पर सामान लेने गई थी। दुकानदार उसे बहलाकर दुकान के भीतर ले गया और गलत हरकत करने की कोशिश की। किसी तरह बच्ची घर पहुंची और उसने परिजनों को पूरी बात बताई।
घटना की जानकारी मिलते ही परिजन बच्ची को लेकर नई मंडी कोतवाली पहुंचे। वहां पुलिस ने परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज किया।
सीओ नई मंडी राजू कुमार साव ने बताया कि आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और बच्ची व परिवार को हर संभव सहायता दी जाएगी।